नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही स्कूलों और बुक सेलरों की मनमानी की शिकायतें लगातार सामने आ रही है. आरोप है कि स्कूल संचालक फीस और एनुअल चार्ज के नाम पर अभिभावकों से मनमानी कर रहे हैं. इसके अलावा बुक सेलर्स की मनमानी के चलते अभिभावक भी परेशान हैं. जिसकी शिकायत अभिभावक जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग कर रहे हैं. ऐसे में लगातार मिल रही शिकायतों पर शिक्षा विभाग एक्शन में नजर रहा है. जिसके लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है. जिस पर अभिभावक शिकायत कर सकते हैं. इसके अलावा स्कूलों को एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें ही मंगवाने के निर्देश दिए गए हैं.
उत्तराखंड में लगातार मिल रही शिकायतों पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने प्राइवेट स्कूलों और बुक सेलरों को सख्त चेतावनी दी है. उनका साफ कहना है कि कोई भी स्कूल और बुक सेलर मनमानी करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि यदि किसी भी अभिभावक को स्कूल या बुक सेलर से संबंधित किसी भी तरह की दिक्कत है तो वो अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है. इसके लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है.
इसके अलावा अगर कोई लिखित शिकायत करना चाहता है तो अपने नजदीकी खंड शिक्षा अधिकारी या मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अलावा जिला प्रशासन को भी शिकायत कर सकता है. यदि किसी भी स्कूल या बुक स्टोर की शिकायत सही पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. उन्होंने ये भी कहा कि एनसीईआरटी के नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अभिभावक टोल फ्री नंबर 1800 180 4275 पर शिकायत कर सकते हैं. टोल फ्री नंबर में सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं. वहीं, नैनीताल जिले के अभिभावक ceonainital11@gmail.com और rmsanini@gmail.com मेल आईडी पर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं.