दिल्ली से मसूरी आ रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, कमानी टूटने से पलटी, 27 यात्री थे सवार

मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास सड़क हादसा हो गया. दिल्ली से मसूरी आ रही बस की अचानक से कमानी टूट गई. इससे बस सड़क पर पलट गई. बस की धीमी गति के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया. बस में सवार 27 यात्रियों में से एक गंभीर रूप से घायल हो गया. उनको 108 एम्बुलेंस से देहरादून हायर सेंटर भेजा गया.

कोतवाल ने बताया कि जैसे ही बस सुबह के समय मसूरी पानी वाला बैंड के पास पहुंची, तभी अचानक उसकी कमानी टूट गई. इस कारण बस अनियंत्रित होकर रोड पर ही पलट गई. बस काफी धीमी रफ्तार से चल रही थी. बस में कुल 27 लोग सवार जो दिल्ली से मसूरी आ रहे थे. बस पलटने के कारण बस में बैठे एक यात्री अर्चित शुक्ला पुत्र गिरीश चंद शुक्ला निवासी दिल्ली को चोटें आई हैं.

घायल यात्री को 108 के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है. एक अन्य यात्री को हल्की चोट आई. शेष सभी लोग सुरक्षित हैं, जिनको प्राइवेट वाहनों से मसूरी भेजा गया है. गनीमत रही कि बस सड़क पर ही पलटी, वरना बहुत बड़ा हादसा हो सकता था. सड़क से नीचे रोड के नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई थी.

मसूरी कोतवाल ने कहा कि बस को क्रेन के माध्यम से सड़क किनारे कर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया. उन्होंने कहा कि बस 25 वर्षीय चालक जसरेज पुत्र शमशाद निवासी विजय पार्क गली नंबर 15 मौजपुर दिल्ली चला रहा था. उससे पूछताछ कर घटना की जांच की जा रही है.
मसूरी में शुक्रवार को हुए बस हादसे के बाद एक बार फिर से बसों की फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं. चारधाम यात्रा के साथ मसूरी और आसपास के क्षेत्र में पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है. ऐसे में बसों और गाड़ियों की फिटनेस को लेकर परिवहन विभाग के साथ स्थानीय प्रशासन को अलर्ट रहने की जरूरत है, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना को होने से रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *