गंगा नदी में डूबा बैंक कर्मी, दोस्तों के साथ आया था घूमने, सर्च ऑपरेशन जारी

लक्ष्मण झूला के पास गौ घाट पर शनिवार शाम एक युवक गंगा में डूब गया. युवक हरियाणा से अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था. युवक गंगा में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया और देखते ही देखते नदी के तेज धारा में गायब हो गया.

गंगा में युवक के बहने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया. देर रात तक नदी में युवक की तलाश जारी रही. लेकिन सफलता नहीं मिली. रविवार सुबह से फिर रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है. प्रशासन ने हादसे के बाद गंगा किनारे नहाने और तैराकी पर सख्त चेतावनी जारी की है. फिलहाल युवक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है.

एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण ने बताया कि युवक का नाम प्रदीप ढाका पुत्र सतबीर सिंह है. युवक की उम्र 34 वर्ष निवासी हिसार, हरियाणा का रहने वाला है. युवक प्राइवेट बैंक में कार्यरत है.

वहीं देहरादून के विकासनगर-कटापत्थर क्षेत्र में एक युवक की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई. शनिवार शाम पुलिस चौकी डाकपत्थर से सूचना मिली कि कटापत्थर क्षेत्र में यमुना नदी में एक व्यक्ति डूब गया है. रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता है. सूचना पर डाकपत्थर पोस्ट से एसडीआरएफ टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटना स्थल पर पहुंती और नदी में डूबे व्यक्ति की खोजबीन शुरू की. काफी खोजबीन पर भी युवक का कुछ पता नहीं चला. काफी अंधेरा होने पर रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा. टीम द्वारा रविवार को डूबे व्यक्ति की सर्चिंग फिर शुरू की गई.

एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि डूबे व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है. जिसकी पहचान अभिषेक उम्र 28 साल पुत्र शशि पाल निवासी ग्राम छरबा तहसील विकासनगर के रूप में हुई है. शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सौंप दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *