उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष पद से बॉबी पंवार ने आज इस्तीफा दे दिया है. बॉबी पवार ने संघ की कोर टीम के सदस्यों को अपना इस्तीफा सौंपा है. इस दौरान मार्च 2 2018 से अब तक के अपने संपूर्ण संघर्ष को उन्होंने साझा करते हुए अपनी उपलब्धियां भी गिनाई हैं. उन्होंनेकहा इसका सारा श्रेय उत्तराखंड बेरोजगार संघ की पूरी टीम को जाता है.
बॉबी पवार ने कहा विगत 7 से 8 वर्षों के दौरान हजारों युवाओं की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने रोजगार दिलाया. कई नकल माफिया को सलाखों के पीछे पहुंचाया. इसके बाद परीक्षाओं में काफी पारदर्शिता आई है. सरकार को भी नकल रोधी कानून प्रदेश में लागू करना पड़ा. जिसके लिए उन्हें करीब डेढ़ दर्जन मुकदमों का सामना भी करना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि हजारों युवा जो आज प्रदेश के विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
बॉबी पवार ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ की टीम को धन्यवाद अदा करते हुए आभार प्रकट किया है. इसके साथ ही उनका कहना है कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ से जुड़े सैकड़ो युवाओं की बदौलत उन्होंने टिहरी लोक सभा संसदीय सीट से चुनाव भी लड़ा. जिसमें हजारों युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया. बॉबी पवार ने कहा उत्तराखंड बेरोजगार संघ एक गैर राजनीतिक संगठन है. आगे भी यह संगठन इसी रूप में काम करते हुए बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को उठाता रहेगा, इसलिए अब उन्हें इस पद पर बने रहना ठीक नहीं लग रहा है. इसके बाद उन्होंने संघ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया है. वहीं, कोर टीम की कई दौर की बैठकों के बाद सर्वसम्मति से कोटद्वार निवासी राम कंडवाल को संघ का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है. सभी कार्यकारिणी भंग कर दी गई है.