RTO की नजर अब सोशल मीडिया पर व्यूज के लिए स्टंट करने वाले स्टंटबाजों पर भी है. इसी कड़ी में ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर स्टंट करने वाले एक स्टंट बाज को आरटीओ ने आड़े हाथ लिया है. देहरादून RTO ने स्टंट बाइकर्स की निगरानी के लिए बनाई गई टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर एक स्टंटबाज बाइकर की डिटेल निकाली. स्टंटबाज बाइकर की पहचान हरिद्वार के मोहम्मद के रूप में हुई है.
RTO कार्यालय ने इस बाइकर को इसकी बाइक के नंबर से ट्रेस कर RTO कार्यालय में तलब किया. इंस्टाग्राम पर अपलोड वीडियो के बारे में इस बाइकर ने बताया कि ये पिछले साल का पुराना वीडियो है. देहरादून RTO संदीप सैनी ने बाइकर को रोड सेफ्टी के नियमों के उल्लंघन के बारे में पाठ पढ़ाया. इस स्टंटबाज बाइकर को मोटर वाहन अधिनियम धारा की 189 “racing and trials of speed “ एवं धारा 184 के अंतर्गत तीन माह की सजा व 5 हजार रुपया जुर्माना के बारे में भी जानकारी दी.
RTO देहरादून ने बाइकर को बताया आपके सोशल मीडिया पर काफी फॉलोअर्स हैं, आपके इस प्रकार के कृत्य से कोई नाबालिग या अन्य व्यक्ति ऐसा स्टंट करने की और प्रभावित हो सकता हैं. वह भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है. इस तरह से स्टंटबाजी कहना पूरी तरह से नियमों के विपरीत है.
इस पूरे मामले पर स्टंटबाज बाइकर ने अपना हरकतों पर खेद जताया. आम सड़क पर इस तरह से खुले आम स्टंट करने को लेकर माफी मांगी. RTO कार्यालय ने बाकायदा भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा ना हो इसके लिए इस स्टंटबाज की माफी मांगते हुए वीडियो भी बनाया.