चलती कार में हुड़दंग और स्टंट करना युवकों को पड़ा भारी, 5 गिरफ्तार

चलती कार में बारातियों को हुड़दंग करना भारी पड़ गया. कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 कार और 2 मोटरसाइकिल को चिन्हित करते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. जिसमें कुछ युवक कार की छत और कुछ गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं.

सड़क पर हुड़दंग और स्टंट करते हुए बारातियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ युवक कारों के ऊपर बैठकर, तो कुछ खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं. वायरल वीडियो का एसएसपी अजय सिंह ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के लिए निर्देश दिए थे. जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए 3 कार और दो मोटरसाइकिल की पहचान कर ली. साथ ही हुड़दंग कर रहे 5 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है.

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए शादाब शफी निवासी ग्राम परवल शिमला बायपास रोड, विनय चमोली निवासी नयागांव,साहिल खान, फुरकान और इकराम को गिरफ्तार करते हुए पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है.

गौर हो कि 8 अप्रैल को हरिद्वार में दिल्ली, गाजियाबाद के युवकों को नशे की हालत में रील बनाना भारी पड़ गया था. हरिद्वार पुलिस ने युवकों पर तत्काल एक्शन लेते हुए शिष्टाचार का पाठ पढ़ाया. युवक हरिद्वार के दिल्ली देहरादून मुख्य मार्ग पर गाड़ी रोक कर रील बना रहे थे. शिकायत मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तीनों युवकों का चालान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *