उत्तराखंड के उत्तरकाशी में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. जबकि तीन लोग घायल हो गए. एक हादसा बड़कोट के खरादी में हुआ. जहां बोलेरो वाहन खाई में जा गिरा. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं दूसरा हादसा चिन्यालीसौड़ में हुआ. जहां ट्रक सड़क पर पलट गया. हादसे में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि तीन व्यक्ति घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक, 25 मई को थाना बड़कोट के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को सूचना मिली कि यमुनोत्री रोड में खरादी के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. सूचना मिलते ही पोस्ट बड़कोट से एसडीआरएफ टीम उपनिरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई.
घटना स्थल पर वाहन बोलेरो UK-03TA1142 यमुनोत्री रोड पर खरादी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हुआ. वाहन में एक ही व्यक्ति सवार था जिसकी मौके पर ही मौत हो गई. एसडीआरएफ टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर उक्त युवक के शव को कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया. शव को जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया. मृतक की पहचान 26 वर्षीय संतोष राणा पुत्र बूटा राम निवासी स्यालव, उत्तरकाशी के रूप में हुई है.
वहीं दूसरी घटना चिन्यालीसौड़ क्षेत्रांतर्गत बनचौरा, नैनबाग के पास हुई. जहां ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. जानकारी के मुताबिक, ट्रक नंबर UK10CA 0592 बनचौरा नैनबाग के पास अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से लगभग 7 मीटर नीचे सड़क में पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ट्रक में चार व्यक्ति सवार थे. जिसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि शेष तीन व्यक्ति ट्रक के अंदर ही फंसे हुए थे. जिन्हें एसडीआरएफ टीम ने पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू किया और अस्पताल भेजा. मृतक की पहचान 44 वर्षीय संजय थापा पुत्र गोकुल थापा, निवासी थारवाली आर्केडिया ग्रांट मोहल्लेवाला, देहरादून के रूप में हुई है.