शराब की दुकान में ओवररेटिंग को लेकर जमकर चले लात-घूंसे, 2 गंभीर घायल – Doon Ujala

शराब की दुकान में ओवररेटिंग को लेकर जमकर चले लात-घूंसे, 2 गंभीर घायल

शहर में शराब की दुकान पर ओवररेटिंग को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गई, इस दौरान कुछ लोग घायल भी हुए हैं. बताया जा रहा है कि मसूरी घंटाघर स्थित बीयर की दुकान पर कुछ युवक बीयर लेने गए, जिस पर सेल्समैन द्वारा ओवर रेट मांगा जा रहा था, जिसका युवकों द्वारा विरोध किया गया और इसी बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच में विवाद हो गया. जिसमें दो युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं.

गौर हो कि घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस एसआईआई किशन कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बमुश्किल भीड़ को शांत किया गया. पुलिस द्वारा बताया गया कि शराब की ओवररेटिंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था, इसमें कुछ लोगों घायल हुए हैं. वहीं गुस्साए युवकों द्वारा शराब की दुकान के अंदर भी तोड़फोड़ कर दी गई और दुकान का शटर तोड़ दिया गया. पुलिस ने बताया कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है.

ऐसे में मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जो लोग बेवजह मसूरी में अराजकता का माहौल उत्पन्न कर रहे हैं, उनको किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. बीते देर रात दोनों पक्षों की तरह से मसूरी पुलिस कोतवाली में तहरीर दी गई है. पुलिस ने कहा कि दोनों तहरीर का अवलोकन किया जाएगा व शराब की दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है.

युवकों ने बताया कि शराब के सेल्समैन शराब को ओवर रेट में बेच रहे थे, जिसका वो लोग विरोध कर रहे थे और विरोध करने पर सेल्समैन द्वारा उन पर हमला कर दिया. जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने मसूरी पुलिस से हमला करने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की मांग की. वहीं शराब की दुकान के सेल्समैन ने कहा कि युवकों द्वारा शराब की बोतल में डिस्काउंट मांगा जा रहा था, जिसको लेकर उन्होंने ₹10 का डिस्काउंट कर दिया था. जिसके बाद भी युवक हंगामा करने लगे और बात हाथापाई तक पहुंच गई. आरोप लगाया कि युवकों द्वारा उन पर बेवजह दबाव बनाया जा रहा था. जिस कारण विवाद हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *