चमोली में भालू का आतंक: घास लेने गई महिला पर किया हमला, जंगल में काटनी पड़ी रात

चमोली के विकासखंड पोखरी में भालू ने आतंक मचाया हुआ है। बुधवार को घास लेने के लिए गई महिला पर घात लगाए भालू ने जानलेवा हमला किया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना बुधवार की है। जानकारी के अनुसार रामेश्वरी (42) घास लेने के लिए घर से जंगल के लिए निकली थी। देर शाम तक भी महिला घर नहीं लौटी। जिसके बाद महिला के परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग के कर्मचारियों ने महिला की तलाश शुरू की। लेकिन देर रात तक महिला का कुछ पता नहीं चला।

रात को अंधेरा होने के बाद महिला की तलाश में चलाये अभियान को बंद करना पड़ा। गुरुवार सुबह एक बार महिला की तलाश के लिए अभियान चलाया। इस दौरान महिला जंगल में एक पेड़ से लिपटी मिली। आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां से उनकी हालत को देख एम्स रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि भालू ने महिला के चेहरे को बुरी तरह से नोच लिया। इसके बाद, महिला किसी तरह वहां से अपनी जान बचाकर भाग निकली और एक पेड़ के पीछे छिप गई। महिला ने पूरी रात डर के साये में बिताई। गुरुवार को महिला को इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *