घनसाली में लापता महिला का कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, जताई जा रही ये आशंका

घनसाली थाना क्षेत्र के सेम गांव से लापता बुजुर्ग महिला का कंकाल गदेरे के पास झाड़ियों से बरामद हुआ है. जहां महिला के कपड़े और खोपड़ी के अवशेष पाए गए हैं. जिससे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. फिलहाल, पुलिस ने कंकाल और अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया है. साथ ही पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी शिकारी वन्यजीव का शिकार हुई है.

जानकारी के मुताबिक, घनसाली थाना क्षेत्र के सेम गांव की रहने वाली विक्र देवी (उम्र 67 वर्ष) पिछले महीने यानी 27 जनवरी से लापता चल रही थी. कई दिनों तक घर न लौटने पर परिजनों ने 4 फरवरी को घनसाली थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.

वहीं, शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया. इसी कड़ी में रविवार यानी 8 फरवरी को पदोखा गांव के पास गदेरे में झाड़ियों के बीच कपड़े और कंकाल मिलने की सूचना मिली. जिस पर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची.

परिजनों ने कपड़ों के जरिए पहचान मृतका की शिनाख्त विक्र देवी के रूप में की. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. घनसाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *