मसूरी-देहरादून रोड पर एक्सीडेंट, नाग मंदिर के पास कार खाई में गिरी, सामने आया हादसे का कारण

हरादून-मसूरी मार्ग पर 21 फरवरी शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. भट्टा गांव और मसूरी झील के बीच एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. कार में सवार 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान निहाल गुप्ता पुत्र सुभाष गुप्ता निवासी रामपुर कला, सैनिक कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि निहाल सुबह करीब 8 बजे देहरादून से मसूरी की ओर जा रहा था. चाणक्य गांव से ऊपर नाग मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे से सीधे गहरी खाई में जा गिरा.

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, स्थानीय निवासी और फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे. खाई में घायल अवस्था में पड़े युवक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए घायल को मसूरी उप जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष भी देखने को मिला. उनका कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई स्थान ऐसे हैं, जहां सड़क किनारे क्रैश बैरियर और पैराफिट (सुरक्षा दीवार) नहीं लगी है. पहाड़ी मार्ग होने के कारण जरा सी चूक भारी हादसे में बदल सकती है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि दुर्घटनास्थल पर मजबूत पैराफिट या क्रैश बैरियर लगा होता तो संभवतः वाहन खाई में गिरने से बच सकता था. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मार्ग का सर्वे कर संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया जाए और वहां शीघ्र सुरक्षा इंतजाम किए जाएं.

मसूरी-देहरादून मार्ग पर्यटन सीजन में अत्यधिक व्यस्त रहता है. संकरी सड़क, तीखे मोड़ और अपर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों के चलते यहां पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं. ऐसे में यह घटना एक बार फिर प्रशासन के लिए चेतावनी साबित हो सकती है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है, जबकि घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *