बहादराबाद के वर्धमान इंडस्ट्रियल एरिया की सिक्योर सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई. इस दौरान कंपनी में रखी कॉटन में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है. लेकिन हादसे में फैक्ट्री में रखा लाखों का कॉटन जलकर राख हो गया. घटना की जांच की जा रही है.
बीते बुधवार को बहादराबाद स्थित वर्धमान इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित सिक्योर सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री में अचानक घुआं निकलने लगा. देखते ही देखते फैक्ट्री के अंदर आग की लपटें भी दिखाई देने लगी. आग की लपटों के साथ काला धुआं उठता देख आसपास इलाके में अफरा तफरी मच गई. देखते ही देखते आग विकराल रूप लेने लगी. साथ ही आसपास की कंपनियों पर आग की चपेट में आने का खतरा बन गया. मौके पर मौजूद लोगों ने कंपनी में आग लगने की सूचना फायर विभाग को दी.
सूचना मिलने पर पहुंची बहादराबाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया. लेकिन आग इतनी विकराल थी कि काबू नहीं पाया जा सका. दो अन्य फायर यूनिट को मायापुर स्टेशन से मौके पर बुलाया गया. दीवार तोड़कर फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू पाया. गनीमत रही कि होली की छुट्टी के चलते फैक्ट्री में रोजाना की तरह ज्यादा कर्मचारी नहीं थे और वक्त रहते आग पर काबू पा लिया गया. अगर काबू नहीं पाया जाता तो, आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में भी आग फैल सकती थी. फिलहाल इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई.
एसएफओ बीरबल सिंह ने बताया कि कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और चार घंटे में आग को बुझाया गया. आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है. प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है. कंपनी में रखा कॉटन जलकर राक हो गया. बताया कि आग लगने के बाद कंपनी के कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए थे. हादसे की जांच के साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.