केदारनाथ में बारिश के साथ बर्फबारी, शून्य से नीचे पहुंचा टेंपरेचर, अलर्ट ITBP जवान

जनपद के निचले इलाकों में झमाझम हल्की बारिश और बाबा केदार के पावन धाम में ताजा बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है. कड़ाके की ठंड और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी सुरक्षा का संकल्प अटूट बना हुआ है. केदारनाथ धाम में शून्य से नीचे गिरते तापमान और लगातार हो रही बर्फबारी के बीच रुद्रप्रयाग पुलिस एवं आईटीबीपी के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं.

केदारनाथ धाम क्षेत्र में तैनात जवान प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिन-रात चौकसी कर रहे हैं. बर्फबारी और ठंड के बीच भी जवानों का उत्साह और सेवा भावना किसी भी तरह कम नहीं हो रही है. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं.

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ धाम जैसे दुर्गम और अत्यधिक ठंडे क्षेत्र में तैनात पुलिस और आईटीबीपी के जवानों का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय है. उन्होंने कहा कि कठिन मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवान पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ ड्यूटी कर रहे हैं, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है.

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि आने वाले समय में भी धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं. जवान हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं.

बता दें उत्तराखंड मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है. पर्वतीय जिलों में 3500 से अधिक ऊंचाई वाले स्थालों पर बर्फबारी की संभावना है. मैदानी जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ होने का अंदेशा है.

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है. साथ ही मौसम विभाग ने बारिश गरज और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना जताई है. जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *