एनएचएआइ के अधिकारियों के अनुसार सर्वे और एलाइनमेंट (संरेखण) के बाद डीपीआर तैयार कर उसे स्वीकृति के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जा चुका है। अलग-अलग चरण में तैयार होने वाली परियोजना में सबसे पहले मोहकमपुर से आशारोड़ी तक करीब 15 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा।
रिंग रोड परियोजना का यह होगा स्वरूप
- प्रारंभिक बिंदु, मसूरी रोड पर मैक्स अस्पताल
- अंतिम बिंदु, आशारोड़ी
- लंबाई, 51.59 किमी (2.8 किमी लंबाई की ट्विन ट्यूब टनल भी शामिल)
- चौड़ाई, फोरलेन
- अधिकतम गति सीमा, 60/80 किमी प्रति घंटा
यह होंगे जंक्शन
मैक्स अस्पताल, मालदेवता रोड, रिस्पना पुल, आइएसबीटी, आशारोड़ी।
हांफते शहर को राहत देगी रिंग रोड
देहरादून शहर में आबादी के साथ यातायात का दबाव सड़कों की क्षमता से कहीं अधिक हो गया है। घनी आबादी के चलते मौजूदा सड़कों और उनके जंक्शन को चौड़ा करने के अवसर बेहद सीमित हैं। ऐसे में पहाड़ों की रानी मसूरी की तरफ वीकेंड या अन्य खास अवसर पर जब वाहनों का दबाव बढ़ता है तो उसका असर सीधे शहर पर पड़ता है।इसी तरह दिल्ली, सहारनपुर या हरिद्वार के बीच दून की तरफ से आवागमन करने वाले वाहनों का दबाव भी प्रत्यक्ष रूप से दून की यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है। मौजूदा समय में दून के प्रमुख जंक्शन में यातायात का दबाव उनकी डिजाइन क्षमता से छह गुना पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट) तक पहुंच चुका है।रिंग रोड बनने के बाद मसूरी की तरफ जाने वाले वाहन शहर में प्रवेश किए बिना रिंग रोड सफर कर सकेंगे। साथ ही हरिद्वार और सहारनपुर के बीच आवागमन करने वाले वाहन रिंग रोड के अंतर्गत बनने वाली एलिवेटेड रोड से पास होंगे।
शहर में वाहनों का दबाव और क्षमता (पीसीयू प्रति घंटे में)
| जंक्शन/सड़क |
पीसीयू डिजाइन |
पीसीयू दबाव |
| घंटाघर | 3600 | 14282 |
| प्रिंस चौक | 2900 | 17090 |
| लालपुल | 2900 | 16664 |
| आराघर चौक | 2900 | 12272 |
| रिस्पना पुल | 2900 | 16453 |
| सर्वे चौक | 1200 | 6845 |
| आइएसबीटी | 3600 | 9916 |
| शिमला बाइपास | 1200 | 5739 |
| बल्लीवाला | 1200 | 9603 |
| सहारनपुर चौक | 2900 | 7208 |
| बल्लूपुर चौक | 2900 | 6211 |
| प्रेमनगर | 2400 | 7496 |
| रायपुर चौक | 2400 | 2917 |
| मसूरी डायवर्जन | 2900 | 6305 |
| हरिद्वार बाइपास | 1500 | 9639 |
| आइटी पार्क क्षेत्र | 2400 | 2839 |
| पांवटा साहिब रोड | 2400 | 4845 |
रिंग रोड के अलग अलग चरण
- मोहकमपुर से आशारोड़ी (एलिवेटेड रोड)
- लंबाई, करीब 15 किमी
- बजट, 1350 से 1450 करोड़ रुपए के बीच
- आशारोड़ी से झाझरा के बीच (पूर्व में स्वीकृत)
- लंबाई, 12.17 किलोमीटर
- बजट, करीब 715.97 करोड़ रुपए
- झाझरा के पास सुद्धोवाला से मसूरी (सीधे रिंग रोड परियोजना का भाग नहीं)
- लंबाई, 40 किलोमीटर
- बजट, जमीन अधिग्रहण समेत 3700 करोड़ रुपए अनुमानित
मैक्स अस्पताल से रिस्पना पुल
लंबाई और बजट अभी स्पष्ट नहीं है। इसमें आवश्यक संशोधन संभव है। क्योंकि, यह भाग राज्य सरकार की प्रस्तावित रिस्पना नदी पर बनने वाली एलिवेटेड रोड के साथ मर्ज या उसके हिसाब से संशोधित हो सकता है। साथ ही इस भाग पर पूर्व निर्मित सड़क भी है।