उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सड़क हादसे लगातार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रहे है. एक बार फिर अल्मोड़ा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां पूजा कार्यक्रम से घर लौट रहे तीन लोगों की कार गहरी खाई में गिर गई. हादसा इतना दर्दनाक था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक कार संख्या UK04 NF 6683 रात के समय नोघरिया गांव से पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर चमड़खान स्थित अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान भाटिया के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
स्थानीय ग्रामीणों ने खाई में वाहन गिरा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने खाई में उतरकर तीनों शवों को बाहर निकाला. इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
सूचना पर SO भतरौजखान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जहां पहले से ही राजस्व विभाग, SDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौजूद थी. घटनास्थल पर लगभग 150 मीटर नीचे खाई में एक वाहन गिरा हुआ मिला. रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार 3 व्यक्तियों की मौत होने की पुष्टि हुई.
मृतकों में 1- भुवन बेटा दीवान राम, निवासी ग्राम सनेटी, तहसील रानीखेत तथा 2- कैलाश चंद्र बेटा बहादुर राम, निवासी ग्राम दौड़ाखाल, तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष के रूप में पहचान की गई है, जबकि तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी है. बताया गया कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और रात्रि में ग्राम चमोली पुसैला में जागर लगाकर वापस अपने घर लौट रहे थे. पुलिस द्वारा तीनों मृतकों के शवों को खाई से निकालकर मोर्चरी रानीखेत भेजा जा रहा है. तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.