अच्छे रिटर्न का झांसा देकर लाखों की ठगी, पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी – Doon Ujala

अच्छे रिटर्न का झांसा देकर लाखों की ठगी, पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

हरिद्वार के लक्सर में पॉलिसी बांड में निवेश के नाम पर 30 लाख 74 हजार 464 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने कंपनी से जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायत की है. आरोप है कि समय अवधि पूरी होने के बाद भी निवेश की रकम नहीं लौटाई गई. रुपये मांगने पर पीड़ित और उसके भाई से अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी गई. पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली. न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

लक्सर कोतवाली के हबीबपुर कुड़ी गांव निवासी प्रमोद कुमार की ओर से न्यायालय को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया गया कि जनवरी 2015 में उनकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां कोतवाली लक्सर, प्रीतम निवासी ग्राम सिकंदरपुर थाना खानपुर और इरशाद निवासी बुडगिरी जनपद बिजनौर से हुई थी. ये लोग एक कंपनी से जुड़े थे, जो एफडी-आरडी का कार्य करती है.

आरोप है कि इन लोगों ने उनकी मुलाकात लक्सर स्थित कंपनी कार्यालय में कंपनी के मालिक और निदेशक अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद निवासी देवऋषि एनक्लेव, देहरादून से कराई. आरोपियों ने उन्हें देहरादून बुलाया और कंपनी में निवेश पर अच्छे रिटर्न का झांसा दिया.

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों की बातों पर भरोसा कर उन्होंने 20 मार्च 2015 से 17 फरवरी 2018 के बीच करीब 9 लाख रुपये की चार एफडी करा लीं. साल 2020 से उनकी एफडी परिपक्व होने लगीं, लेकिन कोविड के कारण कंपनी का लक्सर कार्यालय बंद हो गया. इस दौरान आरोपियों ने उन्हें रकम वापस देने का भरोसा देते रहे.

आरोप है कि कोविड के बाद एफडी की रकम मांगने पर आरोपियों ने कहा कि उनकी रकम उन्हीं की एक दूसरी कंपनी में निवेश कर दी गई है. पुराने निवेश के मुनाफे समेत 19 लाख 33 हजार 936 रुपये के तीन चेक भी दिए. बाद में ये चेक लेकर उन्हें 16 लाख रुपये की एफडी के नए पॉलिसी बांड दे दिए गए. पीड़ित का आरोप है कि यह सब उन्हें उलझाने के लिए किया गया, ताकि वह अपनी मूल रकम न मांग सकें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *