उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है. प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है. वहीं मौसम विभाग ने आज फिर बारिश की संभावना जताई है. साथ ही देहरादून मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है.
गौर हो कि प्रदेश के कई पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं ओलावृष्टि और तेज बारिश लोगों की परेशानियों में इजाफा कर सकती है. देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के देहरादनू , टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद के अनेक स्थानों मे हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ हो सकती है. वहीं 4200 मीटर से ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है. वहीं उत्तराखंड के शेष जनिदों के कुछ स्थानों मे हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ होने की संभावना है.
वहीं राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है. जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के पर्वतीय जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, झोंकेदार हवाएं (40- 50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा ) चलने के साथ ही तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है. राज्य के मैदानी जनपदों मे कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं झोंके दार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है.
जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है.वहीं बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है. झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है. अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C तथा 22°C के लगभग रहने की संभावना है. बता दें कि प्रदेश में प्री-मॉनसून की बारिश देखने को मिल रही है. प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है.