पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से दोनों घायल

ऋषिकेश: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे.

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को देखा, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए और श्यामपुर की ओर भागने लगे. बदमाशों के फरार होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया. खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया.तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया गया था. इस मामले में दोनों की तलाश की जा रही थी. मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों को पुलिस सुरक्षा के बीच उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया.

अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस मुठभेड़ को हाल के दिनों में ऋषिकेश पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है.

-कैलाश चंद्र भट्ट,ऋषिकेश कोतवाल-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों की स्थिति तथा पूरी घटना की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और वांछित बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं. पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *