चमोली जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक पहाड़ी मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गया। हादसे के समय ट्रक में चालक के अलावा अन्य किसी व्यक्ति के होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ एवं अन्य बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम द्वारा नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में चालक की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। नदी का तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां बचाव कार्य में चुनौती पैदा कर रही हैं।
प्रशासन के अनुसार चालक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। स्थानीय लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से दुर्घटना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने तथा बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।