कोचिंग के लिए निकली 23 वर्षीय युवती रहस्यमयी ढंग से लापता, परिजनों में मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की तलाश

जिले के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है. युवती के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और युवती के संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

नई बस्ती ट्रांजिट कैंप निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बेटी (23 वर्ष) दिनांक 18 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी. परिजनों के अनुसार युवती प्रतिदिन कोचिंग के बाद अपने कार्यालय भी जाती थी, लेकिन उक्त दिन वह न तो कार्यालय पहुंची और न ही देर शाम तक घर वापस लौटी.जब काफी समय तक युवती का कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने उसके दोस्तों, परिचितों और रिश्तेदारों से संपर्क किया. काफी तलाश और पूछताछ के बाद भी युवती के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी.

इसके बाद चिंतित पिता ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर पुत्री की गुमशुदगी की तहरीर पुलिस को सौंपी और शीघ्र तलाश किए जाने की मांग की.तहरीर में युवती का हुलिया भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है. इसके अनुसार युवती की उम्र 23 वर्ष, रंग सावला, कद लगभग 5.2 फीट है. घर से निकलते समय उसने हरे और सफेद रंग की कुर्ती पहन रखी थी. परिजनों ने पुलिस से अपील की है कि उनकी पुत्री को जल्द से जल्द सकुशल खोजा जाए, क्योंकि घटना के बाद से पूरा परिवार मानसिक तनाव और चिंता में है.

पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के तहत युवती के आने-जाने के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही उसके मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि उसके संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *