देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र की खादर बस्ती में 18 जुलाई शनिवार शाम को एक दर्दनाक हादसे में छह साल के मासूम की जान चली गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश के दौरान मस्जिद के पास सड़क किनारे खेल रहा पानी के तेज बहाव के साथ नाली के करीब पहुंचा और दस इंच के पाइप में फंस गया.
उत्तराखंड में मॉनसून की दस्तक के बाद कई छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आ रही है. कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के खादर बस्ती से भी एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. बारिश के दौरान छह वर्षीय मासूम सड़क किनारे खेल रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चा पानी के तेज बहाव के साथ नाली में फंस गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुची. बच्चे को निकालने के लिए काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से पाइप को तोड़कर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था.
आनन-फानन में बच्चे को उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने इस घटना के लिए हाल ही में बने सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया. आरोप लगाया कि सड़क का ढाल अत्यधिक होने और नालियों के क्षतिग्रस्त होने से बारिश का पानी तेज गति से बहता है. जिससे यह हादसा हुआ.
ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार आधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवार से मुआवजे की मांग की है.