तिब्बती मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चाओं में आ गया है. वायरल वीडियो में दारोगा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करते हुए देखा जा सकता है. भीड़ का आरोप है कि दारोगा ने सड़क किनारे फल बेच रहे एक बुजुर्ग रेहड़ी संचालक को रेहड़ी हटाने के दौरान थप्पड़ मार दिया. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. हालांकि वायरल वीडियो में कथित मारपीट की घटना दिखाई नहीं देती, लेकिन वीडियो में मौजूद लोग लगातार बुजुर्ग के साथ मारपीट का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं.
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है. तिब्बती मार्केट के पास सड़क किनारे एक बुजुर्ग फल विक्रेता रेहड़ी लगाकर फल बेच रहा था. इसी दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे दारोगा योगेंद्र वहां पहुंचे. उनका रेहड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया.
वायरल वीडियो में एक युवक पूरी घटना अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करता दिखाई देता है. वीडियो में युवक दारोगा से कहता है कि यदि रेहड़ी अवैध रूप से खड़ी है तो नियमानुसार चालान किया जाए. मारपीट नहीं की जानी चाहिए. इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस होने लगती है. वीडियो में युवक खुद को हाईकोर्ट का वकील बताते हुए दारोगा के खिलाफ अदालत जाने की बात भी कहता है. जिस पर बहस और बढ़ जाती है.