उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण सिलक्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा टूट गया। सुरंग के अंदर करीब 40 मजूदर फंसे हुए हैं। मजदूरों ने बचाव दल से ऑक्सीजन के साथ ही तंबाकू भेजने की मांग की थी
दिवाली के मौके पर यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सुरंग में 12 घंटे की शिफ्ट खत्म करने के बाद मजदूर रविवार सुबह दिवाली की छुट्टी मनाने के लिए जाने ही वाले थे कि सिलक्यारा वाले मुहाने से करीब 250 मीटर आगे 35 मीटर हिस्से में भूस्खलन हो गया। सुरंग में उस समय 45 मजदूर मौजूद थे।
मलबा गिरता देख पांच मजदूर बाहर भाग गए। लेकिन 40 श्रमिक अंदर ही फंस गए। रविवार रात को सुरंग में फंसे मजदूरों से वॉकी-टॉकी के जरिए संपर्क हुआ तो उन्होंने खाना मांगा था। उन्होंने ये इच्छा कागज पर लिखकर पाइपलाइन के जरिये भेजी थी। मजदूरों ने कहा था कि खाने की भले कमी हो जाए लेकिन ऑक्सीजन की कमी मत करना। इसके साथ ही मजदूरों ने तंबाकू भेजने की मांग की थी।