उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की से बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। रुड़की के गणेश चौक के पास एक युवक ने चाकू से अपनी गर्दन काट दी , अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रुड़की रेलवे स्टेशन की तरफ से पैदल गणेश चौक की ओर आ रहा था। शुरुआत में उसके व्यवहार को देखकर आसपास मौजूद लोगों को किसी अनहोनी का अंदाजा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने के बाद युवक ने अचानक अपने पास मौजूद चाकू से खुद की गर्दन को काट लिया। सड़क पर हुई इस घटना को देखकर आसपास के लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
गंगनहर कोतवाली पुलिस ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस का इंतजार किए बिना युवक को सरकारी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।