DAV छात्रसंघ चुनाव से पहले SSP कैंप कार्यालय पर हंगामा, बंटू के खिलाफ NBW पर भड़के NSUI-कांग्रेस कार्यकर्ता

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से कुछ घंटे पहले सोमवार देर रात राजपुर रोड स्थित एसएसपी कैंप कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा हुआ. कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ एक मामले में गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने से नाराज NSUI कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता एसएसपी कैंप कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए.

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वही हंगामे की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सदर, सीओ डोईवाला समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी जारी रही. इसके बाद पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को बसों में बैठाकर SSP कैंप कार्यालय के बाहर से हटाया.

कांग्रेस नेताओं और NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि DAV छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले करीब छह महीने पुराने मामले में विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू के खिलाफ NBW जारी किया गया. उनका आरोप था कि बंटू लगातार पुलिस के संपर्क में रहे और जांच में सहयोग कर रहे थे. इसके बावजूद अचानक गैर-जमानती वारंट जारी किया गया.

प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए विरोध जताया. विनीत कुमार भट्ट उर्फ बंटू ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस उन पर देहरादून छोड़ने और डीएवी कॉलेज नहीं जाने का दबाव बना रही थी. उन्होंने कहा कि वह डीएवी के पूर्व छात्र हैं और छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं. बंटू के मुताबिक पुलिस ने उन्हें देहरादून SSP कार्यालय भी बुलाया था और शहर छोड़ने को कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. बंटू ने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव में NSUI प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनने के कारण राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *