पहचान छिपाकर युवती से की दोस्ती, शारीरिक संबंध बनाकर धर्म परिवर्तन और शादी का बनाया दवाब

उत्तराखंड के चंपावत जिले में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने और इसके बाद शारीरिक संबंध बनाकर धर्म परिवर्तन व शादी के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. ऐसा नहीं करने पर आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि वो उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. पीड़िता ने आखिर में परेशान होकर पुलिस से मामले की शिकायत की. पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए 22 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने बताया कि बीती 28 सितंबर को पीड़िता ने चंपावत जिले की टनकपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी. पीड़िता ने आरोप लगाया था कि 22 साल के आरोपी ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर पहले उससे दोस्ती की. इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए.

पीड़िता का आरोप है कि जब उसे युवक की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई तो आरोपी ने उस पर उसका धर्म अपनाने और शादी करने का दबाव बनाया. इसके साथ ही आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने ऐसा नहीं किया तो वो उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा.

पुलिस के अनुसार उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया. टनकपुर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के बयान दर्ज किए और उपलब्ध तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया. इस मामले में एसपी चंपावत रेखा यादव ने महिला अपराध पर त्वरित कार्रवाही करने और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाही अमल में लाए जाने की बात कही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *