मसूरी, धनोल्टी से लेकर मुनस्यारी में जमकर गिरी बर्फ, आईएमडी का बारिश-बर्फबारी पर 5 फरवरी तक उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान – Doon Ujala

मसूरी, धनोल्टी से लेकर मुनस्यारी में जमकर गिरी बर्फ, आईएमडी का बारिश-बर्फबारी पर 5 फरवरी तक उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान

उत्तराखंड में गुरुवार को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश हुई। जबकि ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। गढ़वाल के हर्षिल से लेकर कुमाऊं के मुनस्यारी तक पहाड़ियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। हिल स्टेशनों पर पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठाते नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक पांच फरवरी तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

पर्यटक स्थल मसूरी में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ, मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चंद्रशिला, कार्तिक स्वामी समेत विभिन्न क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई। चोपता, दुग्गलबिट्टा में करीब डेढ़ फीट बर्फ गिरी।

उत्तरकाशी में हर्षिल, धराली, सुक्की, यमुनोत्री, सांकरी, सुक्की टॉप बर्फ से लकदक हो चुके हैं। चमोली में बदरीनाथ, औली, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ बर्फ से ढके हैं। मसूरी, लालटिब्बा, नाग टिब्बा और सुरकंडा, धनोल्टी में पर्यटकों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया।

कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्र में करीब 50 दिनों के लंबे अंतराल के बाद बारिश हुई। पिथौरागढ़ में भारत-चीन सीमा से लगे इलाकों के साथ ही मुनस्यारी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ हुई है।

उत्तराखंड में बारिश और बर्फ लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मेहरबान हो ही गए। बुधवार देर रात से जारी रिमझिम बारिश के साथ ही प्रदेश के अधिकांश ऊंचाई वाले इलाकों में केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, तुंगनाथ, रुद्रनाथ आदि में पहाड़ियों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *