क्यों चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए कई कांग्रेसी? इस नामी नेता ने बताई अंदर की बात, पूछा ऐसा सवाल- मच गई खलबली

लोकसभा चुनाव के अवसर पर कांग्रेस नेताओं में भाजपा में जाने को मची भगदड़ ने पार्टी के प्रदेश संगठन की बेचैनी बढ़ा दी है। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सत्ताधारी दल को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जिन कांग्रेस नेताओं पर वित्तीय अपराधों और अनियमितता को लेकर मुकदमें दर्ज किए, उन्हें अब अपनी वाशिंग मशीन और पाउडर से स्वच्छ और निर्मल बना रही है।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से पूछा कि सत्तारूढ़ दल में गए नेताओं पर दर्ज मुकदमें जारी रहेंगे उन्हें राहत दी जाएगी।  प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड समेत पूरे देश में भाजपा के आपरेशन लोटस के निशाने पर राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें रहीं। इसका दूसरा रूप गैर भाजपा दलों के नेताओं को भाजपा में सम्मिलित कराने के रूप में सामने आया है।

भाजपा में अब दूसरे दलों के नेताओं की अचानक बाढ़ आ गई है। भाजपा के पास ऐसी वाशिंग मशीन और पाउडर है, जिससे पार्टी की सदस्यता लेने वाले के अपराध धुल जाते हैं। वित्तीय गड़बड़ी के प्रकरणों में फंसे बड़कोट के नगर पंचायत अध्यक्ष अतोल रावत, चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे केसर सिंह नेगी, पौड़ी जिले के द्वारीखाल ब्लाक के प्रमुख महेंद्र राणा के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने का उन्होंने हवाला दिया।

राजेंद्र भंडारी पर भी माहरा बरसे

भाजपा में सम्मिलित हुए बदरीनाथ के पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी पर भी माहरा बरसे। उन्होंने कहा कि लगभग 12 घंटे पहले भंडारी कांग्रेस की चुनावी सभा में सत्ताधारी दल को कोस रहे थे। उन्होंने कहा कि भंडारी के जाने के बाद चमोली जिले में कार्यकर्ताओं की सहायता से पार्टी को दोबारा खड़ा किया जाएगा।  उन्होंने आगे भी पार्टी के नेताओं के भाजपा का दामन थामने के अंदेशे से इन्कार नहीं किया।

माहरा ने कहा कि जिन्हें भाजपा से डर लग रहा है, वही कांग्रेस छोड़ रहे हैं। ऐसे नेताओं का डर यह भी बता रहा है कि दाल में जरूर कुछ काला है। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस युक्त होने के साथ अपराध युक्त भी हो रही है। कांग्रेस सत्तारूढ़ दल की पोल खोलेगी। इस अवसर पर राजेंद्र भंडारी समेत भाजपा में गए विभिन्न कांग्रेस नेताओं के संबोधन से जुड़े वीडियो भी पार्टी की ओर से दिखाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *