सात फेरों के बाद निभाई लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी, विदाई से पहले मतदान केंद्र पहुंचे दूल्‍हा-दुल्‍हन

उत्तराखंड की पांच सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं। लोकतंत्र के इस पर्व में हर कोई बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहा है। मतदान करने के लिए लोग सुबह से लाइनों में लगे हुए हैं। मतदान शांतिपूर्ण निष्पक्ष कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। वहीं अन्‍य लोगों के साथ ही दूल्‍हा-दुल्‍हन भी मतदान के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं।

नैनीताल जिले के लाल कुआं विधानसभा क्षेत्र के दैलिया मतदान केंद्र पर एक ऐसा नजारा देखने को सामने आया जहां दूल्हा दुल्हन मतदान स्थल पर पहुंचे। यहां दुल्हन ने मतदान कर इस लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभाई।

दुल्हन ने बताया कि गुरुवार रात उसकी शादी हुई है और आज मतदान के दिन उसकी विदाई हो रही है, लेकिन विदाई से पहले उसने अपना मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का काम किया है।

दुल्हन गायत्री चंदोला ने बताया कि दैलिया गांव से पली बढ़ी है और वर्तमान में वह बेंगलुरु में जॉब करती है। बेंगलुरु निवासी रवि शंकर त्रिपाठी से उसकी शादी हुई है। गायत्री ने शादी के बाद विदाई से पहले मतदान स्थल पर पहुंच अपना मताधिकार का प्रयोग किया है।

इसी प्रकार हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के धनपुरा निवासी शिवानी की शादी बीती रात हुई। विदाई से पहले शिवानी आज सुबह पहले अपने पति के साथ वोट डालने पहुंची और उसके बाद ससुराल के लिए विदा हुई।

पौड़ी जिले के विकासखंड कोट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रणाकोट में दुल्हन के द्वारा वोट डाला गया। इस दौरान दूल्‍हा-दुल्‍हन दोनों मतदान स्‍थल पर पहुंचे।

जनपद टिहरी में भी दूल्हा-दुल्हन द्वारा मतदान किया गया। इसी प्रकार राज्‍यभर नवविवाहित जोड़ें मतदान केन्‍द्रों में मतदान के लिए पहुंचे।

उत्तरकाशी जिले के बड़ेथी गांव की दुल्हन आराधना ने लोकतंत्र के प्रति समर्पण दिखाते हुए ससुराल विदा होने से पहले मतदान का कर्तव्य निभाया।

चकराता क्षेत्र के सीमांत गांव बिजोऊ निवासी दुल्हन शिखा चौहान ने शादी के सात फेरे लेने के बाद विदाई के समय मतदान केंद्र पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

देहरादून में केसी पब्लिक स्कूल गोविंदगढ़ में अपना वोट डालने के बाद अपने स्वजनों के साथ बाहर आता दूल्हा सुमित कुमार।हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के गजीवाली में मीनाक्षी जोशी ने विदाई से पहले मतदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *