महिला ने काटा अस्पताल में हंगामा, पहले गार्ड की वर्दी फाड़ी, फिर चिकित्सकों के साथ करने लगी अभद्र व्यवहार – Doon Ujala

महिला ने काटा अस्पताल में हंगामा, पहले गार्ड की वर्दी फाड़ी, फिर चिकित्सकों के साथ करने लगी अभद्र व्यवहार

लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय का स्टाफ आजकल एक महिला मरीज के आतंक से काफी परेशान है। उप जिला चिकित्सालय में लगभग पांच दिन पहले 108 के जरिए बाराकोट ब्लॉक की एक महिला को अस्पताल पहुंचाया गया था। लेकिन अब ये महिला उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सको, मरीजो और स्टाफ के लिए सर दर्द बन गई है।

बताया जा रहा है महिला रविवार को अस्पताल के स्टाफ के साथ-साथ अन्य मरीजों और चिकित्सकों के साथ गाली गलौज और मारपीट पर उतर आई। अस्पताल के गार्ड दीपक मेहता ने जब महिला को समझाने का प्रयास किया तो महिला ने गार्ड पर हमला कर उनकी वर्दी फाड़ दी। यही नहीं महिला चिकित्सकों के साथ भी अभद्र व्यवहार करने लगी।

उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ करन ने बताया कि इस बात की सूचना कई बार पुलिस व प्रशासन को दी गई पर अभी तक महिला को वहां से नहीं हटाया गया है। जिस वजह से अस्पताल प्रबंधन महिला से काफी परेशान है। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस से महिला को नारी निकेतन केंद्र या उसके घर भेजने की मांग की है।

चिकित्सकों ने महिला पर जगह-जगह गंदगी करने और अन्य मरीजों के सामान को भी इधर-उधर फेंकने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है महिला अस्पताल के वार्ड के एक बेड पर कब्जा जमा कर बैठ गई है। जिस कारण वार्ड के अन्य मरीज उससे परेशान हैं। महिला को मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *