प्रत्याशियों को चुनने के लिए भाजपा लेगी सर्वे का सहारा, सीटों का आरक्षण तय होने का इंतजार

भाजपा निकाय चुनाव में उतारे जाने वाले प्रत्याशियों को चुनने के लिए सर्वे कराएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया सीटों के आरक्षण तय होने जाने के फौरन बाद शुरू हो जाएगी। चुनाव आचार संहिता के बाद सरकार आरक्षण तय कर देगी

कुमाऊं दौरे से लौटे भट्ट ने कहा, सात दिन में उन्होंने 35 निकायों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के चुनाव की तैयारियों के तहत कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्हें कहा गया कि वे 20 मई तक मतदाता सूची में सुधार के लिए अपना सक्रिय योगदान दें।

प्रत्याशियों के चयन के संबंध में भट्ट ने कहा, पार्टी ने अपनी तैयारी कर ली है। अब आरक्षण तय होने का इंतजार है। आरक्षण की घोषणा के साथ ही पर्यवेक्षक तय कर दिए जाएंगे। पर्यवेक्षक जिलों में जाएंगे और वे चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों के नामों की सूची तैयार करेंगे। इसके बाद पार्टी नामों को लेकर सर्वे कराएगी। सर्वे के साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं से रायशुमारी भी होगी और उसके बाद प्रत्याशियों के नाम तय होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *