इस सीट पर राजशाही का बोलबाला, भाजपा आगे… निर्दलीय प्रत्‍याशी ने भी लगाया खूब जोर

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे 4 जून मंगलवार को सुबह से ही आना शुरू हो गए। शुरुआत से ही उत्‍तराखंड की टिहरी सीट पर भाजपा ने बढ़त बनाए रखी। वहीं निर्दलीय प्रत्‍याशी ने भी काफी अच्‍छी फाइट दे रहे हैं। अब देखना ये होगा कि इस सीट पर जीत का ताज किसके सिर सजता है।विधानसभा सीटों को स्वयं में समेटे उत्‍तराखंड की टिहरी गढ़वाल सीट का भूगोल काफी जटिल है। लेकिन सीट की बात करें तो यहां राजशाही का बोलबाला रहा है। टिहरी गढ़वाल सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के बीच रहा।

टिहरी राज परिवार से ताल्लुक रखने वाली माला राज्य लक्ष्मी शाह को यहां भाजपा ने फिर से मैदान में उतारा। एक उपचुनाव और पिछले दो आम चुनावों से वह निरंतर इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।कांग्रेस ने इस सीट पर पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला को प्रत्याशी बनाया था। गुनसोला को अपने सरल व्यवहार और स्वच्छ छवि के लिए जाना जाता है। जोत सिंह गुनसोला दो बार मसूरी नगर पालिका के अध्यक्ष और दो बार मसूरी विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बाबी पंवार भी इस चुनाव में खासे सक्रिय दिखे।

इस सीट पर जनता ने सात बार भाजपा और आठ बार कांग्रेस को प्रतिनिधित्व सौंपा। एक बार निर्दल और एक बार जनता दल के पास टिहरी संसदीय सीट रही।उत्‍तराखंड की पांचों सीट पर पहले चरण 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस सीट पर इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों व निर्दल के रूप में 11 प्रत्याशी मैदान में थे।

लोकसभा क्षेत्र में आने वाली 14 विधानसभा सीटों में 11 भाजपा के पास हैं, जबकि एक निर्दलीय विधायक का भी उसे समर्थन प्राप्त है। वहीं चकराता और प्रतापनगर सीट ही कांग्रेस के पास है। 12 ब्लाक प्रमुख, एक जिला पंचायत अध्यक्ष, एक महापौर, 40 जिला पंचायत सदस्य और पांच नगर पालिका व नगर पंचायतों के निवर्तमान अध्यक्ष भाजपा के हैं। एक जिला पंचायत अध्यक्ष, 20 जिला पंचायत सदस्य, एक ब्लाक प्रमुख और नगर पालिका व नगर पंचायतों के पांच निवर्तमान अध्यक्ष कांग्रेस के हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव में मिले मत

  • दल, प्रतिशत
  • भाजपा, 64
  • कांग्रेस, 30

टिहरी सीट पर मतदाता

महिला-761783

पुरुष-815819

ट्रांसजेंडर – 62

कुल मतदाता – 1577664

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *