Haridwar में सामूहिक दुष्‍कर्म और हत्‍या का मामला, आरोपितों को फांसी की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने घेरा एसएसपी ऑफि‍स – Doon Ujala

Haridwar में सामूहिक दुष्‍कर्म और हत्‍या का मामला, आरोपितों को फांसी की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने घेरा एसएसपी ऑफि‍स

बहादराबाद क्षेत्र की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्‍कर्म और हत्या के आरोपितों के लिए फांसी की मांग को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रोशनाबाद पहुंचकर एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन करते हुए महिला कांग्रेस ने फरार चल रहे प्रधान पति और पूर्व भाजपा नेता आदित्य राज सैनी समेत अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह को ज्ञापन भी दिया गया।प्रदर्शन कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, बच्चियों के साथ दुष्कर्म, हत्याओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिसके कारण देवभूमि कलंकित हो रही है। अपराधियों में कानून का डर नहीं है।

अधिकतर घटनाओं में बीजेपी नेताओं का नाम आ रहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली पार्टी के नेता बेटियों के साथ अन्याय कर रहे। महिला कांग्रेस महिलाओं को बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।ज्योति रौतेला ने कहा कि हाल ही में देहरादून में उपनल कर्मी ने वन आरक्षी के साथ दुष्कर्म किया, देहरादून कैन्ट में शादी का झांसा देकर कई महीनों तक दुराचार किया जाना, पटेल नगर में 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म किया जाना, हल्द्वानी बनभूलपुरा में छात्राओं का लापता होना, द्वाराहाट में 19 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म होना, देहरादून में एक प्रॉपर्टी डीलर की खुलेआम हत्या होना राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन पर सवालिया निशान लगाता है।

पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है। उन्होंने कहा कि आंखिर राज्य की जनता को किस बात की सजा मिल रही है। पुलिस आरोपियों को पकड़ती है, लेकिन उन्हें सजा नहीं होती। अंकिता भंडारी को भी आज तक न्याय नहीं मिला है।इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नजमा खान, उदय जैन, महासचिव शशि झा, पूनम सिंह, सुशीला बेलवाल, रेखा ढींगरा, नलिनी दीक्षित, अंशुल त्यागी, गार्गी राय, इमराना परवीन, आशा कोरी, रोशनी कालिया, रचना शर्मा, रश्मि देवरानी, सरोजनी देवी, अनिता बिष्ट, वसुंधरा नैनवाल, नूरजहां, हीरा देवी, शांति देवी, बाला आदि शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *