उत्तराखंड में रविवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला है। चारों धामों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। जिससे पर्यटकों और व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं।
इस दौरान निचले क्षेत्रों में सर्द हवाएं चलने से कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी। वहीं, चकराता और हर्षिल में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में बारिश हो रही है।
केदारनाथ के साथ ही तुंगनाथ, मदमहेश्वर, कार्तिक स्वामी, चन्द्रशिला समेत कई ऊंची पहाड़ियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। देहरादून जिले के जौनसार बावर की ऊंचाई वाले स्थानों पर भी रविवार शाम सीजन का पहला स्नोफॉल हुआ।
गंगोत्री धाम सहित हर्षिल घाटी, यमुनोत्री, दून घाटी क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से निचले इलाकों में भी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में ठंड बढ़ गई । इन पहाड़ियों में भी हिमपात शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि लंबे समय से बारिश न होने से बागवानी काश्तकारों के माथे पर चिंता की लकीर साफ दिखाई दे रही थीं। अब ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से काश्तकारों को उम्मीद जगी है कि अब निचले इलाकों में भी बारिश और बर्फबारी होगी। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों के बगीचों में सीजन की पहली बर्फबारी होने से काश्तकार काफी खुश हैं। बारिश और बर्फबारी से बगीचों को नमी मिल जाएगी।