मैदान का पारा चढ़ा, चटख धूप खिलने से गर्मी का अहसास

सर्दी के सितम के बीच मौसम विविध रंग दिखा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में ठिठुरन और मैदानी क्षेत्रों में पारे के उतार-चढ़ाव से का दौर जारी है। इन सबके बीच नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में जनवरी के तीसरे सप्ताह की शुरुआत तापमान में वृद्धि के साथ हुई। अधिकतम के पारे में 3.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ साेमवार माह का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। जबकि, रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।हल्द्वानी और आसपास क्षेत्र में मौसम साफ रहने के साथ दिन चढ़ने के साथ सूर्य की तपिश बढ़ने लगी। दोपहर में चटक धूप खिलने की वजह से गर्मी का अहसास हुआ, जबकि रात के समय पारा गिरने की वजह से ठंड रही।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार हल्द्वानी और आसपास क्षेत्र में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र से जारी पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार और गुरुवार को पहाड़ से मैदान तक वर्षा हो सकती है। इससे ठंड में वृद्धि होने की संभावना है।

नैनीताल में में दिन का तापमान 22 डिग्री तक पहुंचा

नैनीताल में सोमवार की दोपहर में खासी गर्मी का अहसास हुआ। यहां दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। शाम को बादल छाने से ठंड में बढ़ोतरी हो गई। नैनीताल में सोमवार को सुबह से ही चटक धूप खिली रही। दोपहर में तपिश इतनी बढ़ गई कि धूप में बैठना मुश्किल हो गया। यहां दोपहर तक मौसम का मिजाज गर्म रहा, लेकिन सांझ होते-होते बादलों ने आसमान में डेरा डाल लिया, जिस कारण लोगों को आग व हीटर का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार मंगलवार को भी मौसम का मिजाज मिलाजुला रहने की संभावना है। बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसका अधिक असर गुरुवार को रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना रहेगी। 25 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है।इधर, जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 78 व न्यूनतम 43 प्रतिशत रही। शहर में पर्यटकों की आमद बेहद कम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *