उत्तराखंड सिंचाई विभाग में इंजीनियरों के फर्जी ट्रांसफर का मामला, देहरादून में मुकदमा दर्ज

उत्तराखंड सिंचाई विभाग में फर्जी हस्ताक्षर से इंजीनियरों की ट्रांसफर सूची जारी होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ कोतवाली नगर देहरादून में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में सिंचाई सचिव के फर्जी हस्ताक्षर कर ट्रांसफर सूची जारी करने का आरोप लगाया गया है. इसके साथ ही बाकायदा ट्रांसफर सूची भी अलग-अलग तारीखों पर जारी हुई है. इसमें-

  • 31 जनवरी को अपर सहायक अभियंता जयदीप सिंह का पीएमजीएसवाई चंबा से अवस्थापना खंड उत्तरकाशी
  • अपर सहायक अभियंता समित कुमार पीएमजीएसवाई कोटद्वार से सिंचाई खंड श्रीनगर प्रथम
  • अपर सहायक अभियंता चिरंजी लाल का जमरानी बांध निर्माण खंड-2 हल्द्वानी से सिंचाई खंड हल्द्वानी उपखंड-1 ट्रांसफर किया गया

इससे पहले 11 नवंबर 2024 को जारी सूची में-

  • सहायक अभियंता महेंद्र पाल का पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड ज्योलिकोट नैनीताल से उपखंड प्रथम सिंचाई खंड नैनीताल
  • कनिष्ठ सहायक अमित सेमवाल को 19 फरवरी 2025 के आदेश के तहत श्रीनगर से कार्यमुक्त करते हुए मूल कार्यालय सिंचाई कार्यमंडल श्रीनगर भेजे जाने की सूची जारी हुई थी

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जल्द ही मुकदमा दर्ज कराने वाले सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता को बयान देने के लिए बुलाया जाएगा. साथ ही सिंचाई विभाग में ट्रांसफर करने में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी मांगी है. मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *