उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 8 घायल – Doon Ujala

उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 8 घायल

उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है. वहीं पौड़ी जनपद के अंतर्गत आने वाले पैठाणी-चौरीखाल मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है.

गौर हो कि पौड़ी जिले के पैठाणी चौरीखाल मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में कार चालक धर्मेंद्र चौधरी (45 वर्ष), निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. धर्मेंद्र पेशे से ड्राइवर था, जबकि घटना में आठ लोग बुरी तरह घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया.

सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को खाई से बाहर निकाल कर तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है. वहीं हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसा दोपहर करीब 11:40 बजे के आसपास घटित हुई. वाहन में बच्चे समेत 9 लोग सवार थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *