राजधानी में अलग-अलग तीन थानों में दुष्कर्म के मामलों सामने आए हैं. नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक मानसिक रूप से कमजोर किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है. किशोरी की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं विधवा महिला ने भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. वहीं, तीसरे मामले में युवती ने शादी का झांसा देकर आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप जड़ा है. युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पहले मामले में महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब 2 साल पहले उसकी मुलाकात अमरोही निवासी युवक से हुई थी. युवक ने खुद को मुंबई का प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बताया था और फिल्म की शूटिंग के लिए लोकेशन दिखाने के बहाने महिला से संपर्क बढ़ाया. उसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा. आरोप है कि मौका पाकर युवक ने महिला के घर जाकर दुष्कर्म किया और पति की तरह साथ में रहने लगा. डेढ़ साल साथ रहने के दौरान शादी की बात पर युवक टालता रहा.
बीते दिनों युवक ने महिला को उनके रिश्तों के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. महिला ने जब युवक के भाई से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसे धमकी दी गई. कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया है कि महिला की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और उसके भाइयों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दूसरे मामले में युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि निवासी लक्खीबाग युवक से करीब 5 साल पहले उसकी दोस्ती हुई थी. दोनों की दोस्ती के बारे में युवती के परिजनों को पता लगा तो उन्होंने युवक से बातचीत करने से मना कर दिया और युवती की सगाई लखनऊ के युवक से तय कर दी. अप्रैल में युवक ने उसे विक्रम से उतरा और झांसा दिया कि वह उससे शादी करना चाहता है और कहा कि अगर शादी नहीं हुई तो वह हाथ की नस काट कर जान दे देगा. उसके बाद युवती ने लखनऊ के युवक से शादी करने से इनकार कर दिया.