संत ने लगाया 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर 2 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

धर्मनगरी के एक संत से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. संत ने हरिद्वार के एक होटल कारोबारी और उसके साथी पर धोखाधड़ी करने तथा रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने संत स्वामी शिवानंद भारती से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में होटल कारोबारी और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है.

स्वामी शिवानंद भारती निवासी सप्त सरोवर मार्ग, हरिद्वार ने कोर्ट को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि ऋषिकेश के हरिपुरकलां में उनकी जमीन है. जमीन खरीदने के लिए 19 अगस्त 2023 को मैसर्स रुड़की रिजॉर्ट एंड होटल कंपनी के निदेशक सन्नी कपूर ने अनुबंध किया था. अनुबंध के अनुसार एक साल के अंदर भुगतान होना था. लेकिन तय समय पर रुपए नहीं मिलने के कारण यह अनुबंध रद्द हो गया.

इसके बाद 17 मई 2024 को सन्नी कपूर ने आर्थिक असमर्थता जताकर 200 रुपये प्रति वर्गफुट क्षतिपूर्ति देने की बात कही. 20 मई 2024 को संत को 14 करोड़ रुपये का चेक दिया गया, जो अगले दिन बाउंस हो गया. इसके बाद अधिवक्ता के माध्यम से संत ने नोटिस भी भेजा था. संत के पुत्र आशीष भारती के साथ आरोपी ने 4 जुलाई 2025 को नया समझौता किया. लेकिन पूरे रुपए की व्यवस्था नहीं होने के कारण 11 जुलाई 2025 को अनुबंध रद्द कर दिया गया और 11 करोड़ 34 लाख रुपये सेटलमेंट के रूप में लिए गए.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 30 अगस्त 2025 को आरोपी सन्नी कपूर ने अपने साथी रोहित कोहली संग मिलकर इस संपत्ति का एक हिस्सा अपने परिचितों के नाम कर दिया. आरोपियों ने 19 सितंबर 2025 को फोन कर संत से संपत्ति का आधा हिस्सा और पांच करोड़ रुपये मांगे. ऐसा न करने पर किसी भी फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई. आरोपी सन्नी पेशे से होटल कारोबारी है. शिवानंद ने कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *