गैस सिलिंडर नहीं मिलने से आक्रोशित लोगों ने देहरादून शिमला बाईपास पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। गैस एजेंसी संचालक और आपूर्ति विभाग के खिलाफ लोग नारेबाजी करते रहे।
शिमला बाईपास नया गांव चौकी क्षेत्र में पहुंची लोगों की भीड़ को रोकना मुश्किल हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद जाम खोला जा सका।
एलपीजी की कालाबाजारी रोकने और शतप्रतिशत होमडिलिविरी सुनिश्चित करवाने के लिए बुधवार को जिले में कई जगहों पर क्यूआरटी ने छापे मारे। इस दौरान टीमों ने एलपीजी की मांग, आपूर्ति आदि गतिविधियों को देखा। इस टीमों ने स्वास्तिक गैस एजेंसी, वेली गैस एजेंसियों सहित कई एजेंसियों पर औचक निरीक्षण किया। एजेंसियों पर वर्तमान में मौजूद सिलिंडरों का स्टॉक और कितने सिलिंडर बांटे गए हैं कि जानकारी ली गई। निर्देश दिए गए कि किसी भी सूरत में गैस वितरण करने में लापरवाही न बरती जाए।
बुधवार को जिले में 17355 अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू और 661 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति की गई है। एलपीजी का घरेलू 34786 और व्यवसायिक का 4080 स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू के साथ ही व्यवसायिक एलपीजी सिलिंडर का लोड निंरतर बढाया जा रहा है।