राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में विवाहित महिला के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. महिला का मायेक वालों ने मृतका के पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मायके वालों की शिकायत पर पति और सास समेत ससुराल के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है.
मृतक महिला की बड़ी बहन ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनकी छोटी बहन राजेश्वरी उरेडा (उत्तराखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी) में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर पौड़ी में तैनात थी, जिसकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले 7 दिसंबर 2022 को देहरादून निवासी पीयूष सिंह के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था.
आरोप है कि सास, जेठ, जेठानी और पति मिलकर उसे लगातार ताने देते थे और घरेलू मामलों को लेकर उसे परेशान किया जाता था. साथ ही उसका पति पीयूष कई बार उसके साथ मारपीट करता था. इतना ही नहीं उसे बार-बार तलाक देने की धमकी भी दी जाती थी.
आरोप है कि ससुराल पक्ष के कहने पर पति उसे डराता-धमकाता था और उसके साथ अभद्र व्यवहार करता था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि शादी में दिए गए गहने और अन्य कीमती सामान ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में ले लिए थे, जब मृतका ने अपने गहनों की मांग की तो उसे साफ मना कर दिया जाता था और पति पीयूष हमेश यही कहता था कि पहले उसे तलाक दे दो, उसके बाद सारे गहने ले लेना.
मृतका की बहन ने पुलिस को जानकारी दी कि उसकी बहन कि एक बेटी भी है, जिसको लेकर भी ससुराल पक्ष द्वारा दबाव बनाया जाता था और बच्ची को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी धमकी दी जाती थी. इसी कारण वह अपने को मायके में छोड़कर पौड़ी में अपनी जॉब करती थी और जॉब के दौरान अपने मायके में आकर बच्ची से मिलती थी.
परिजनों ने बताया कि जब भी उन्होंने ससुराल पक्ष को समझाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी अभद्रता की गई. गाली-गलौज और धमकियों का सिलसिला जारी रहा. इसके चलते दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया. बताया जा रहा है कि हाल ही में राजेश्वरी को ससुराल पक्ष अपने साथ वापस ले गया था. हालांकि मायके वालों ने उसे जाने से रोका भी था. मृतका ने भरोसा दिलाया था कि अगर उसके साथ दोबारा कुछ गलत हुआ तो वह बच्चों के साथ वापस मायके आ जाएगी.
5 अप्रैल 2026 की सुबह राजेश्वरी के पति ने फोन कर मायके वालों को उसकी मौत की सूचना दी. बताया गया कि राजेश्वरी ने आत्महत्या कर ली है, जिसे मायके वालों ने आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश बताया है. मृतका की बड़ी बहन का आरोप है कि ससुराल वालों द्वारा लगातार दिए जा रहे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के कारण ही यह घटना हुई. इसी आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज कराया गया है.
थाना बसंत विहार प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि बहन की तहरीर के आधार पर देहरादून के थाना वसंत विहार पुलिस ने मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक उत्पीड़न करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.