श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित चंडी देवी मंदिर रोपवे के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. वन कर्मियों द्वारा सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं. शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, जंगल वनकर्मी गश्त कर रहे थे. इस दौरान उन्हें एक महिला का सड़ा गला शव मिला. चंडीघाट कोतवाली श्यामपुर पुलिस को वन विभाग के कर्मचारियों ने सूचना दी कि चंडी देवी मंदिर रोपवे के समीप मंदिर जाने वाले पैदल मार्ग के पास जंगल में एक महिला का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा, चौकी प्रभारी संतोष सेमवाल और महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मौके पर करीब 30 से 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ, जो लगभग तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा था.
शव की हालत खराब होने के कारण महिला का चेहरा स्पष्ट पहचान में नहीं आ रहा था. एसएसपी के निर्देश पर अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आसपास क्षेत्र में महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद शव को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवा दिया गया है.जांच में सामने आया है कि मृतक महिला के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में नाम और गमलेनुमा फूल का टैटू बना हुआ है. बाएं हाथ की कलाई पर दिल के आकार का टैटू है, जिसके भीतर अंग्रेजी में केआर लिखा हुआ है.
वहीं बाएं हाथ की हथेली के ऊपर ऊं का टैटू गुदा हुआ है. पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. शव कई दिन पुराना होने और जंगल में मिलने के कारण हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है. श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. शिनाख्त के लिए फिलहाल शव को मोर्चरी में रखा गया है. महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.