सेलाकुई के बाद देहरादून में प्रदर्शन, वेतन बढ़ोतरी की मांग पर फैक्ट्री के बाहर जुटे सैकड़ों कर्मचारी

सेलाकुई में पिछले कई दिनों से फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी वेतन बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. अब ये प्रदर्शन देहरादून के मोहब्बेवाला स्थित विंडलास न्यूट्रिशन फैक्ट्री तक भी पहुंच गया है. रविवार 17 मई को फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों ने वेतन बढ़ोतरी को लेकर मोर्चा खोल दिया. फैक्ट्री के बाहर सैकड़ों की संख्या में युवक, युवतियां कर्मचारी अपना वेतन 20 हजार रुपए करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

रविवार सुबह से ही मोहब्बेवाला में स्थित विंडलास न्यूट्रिशन के कर्मचारियों ने 20 हजार रुपए वेतन की मांग को लेकर फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने ओवरटाइम के लिए अतिरिक्त वेतन देने की बात कही है. लेकिन फैक्ट्री संचालक, कर्मचारियों को ओवरटाइम नहीं दे रहे हैं. युवती कर्मचारियों का कहना है कि, फैक्ट्री में काम के दौरान काफी परेशान किया जाता है. काम के प्रति सैलरी नहीं मिल रही है.

उधर, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया. लेकिन पुलिस और फैक्ट्री संचालक द्वारा काफी समझाने के बाद भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन बंद नहीं किया. फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शन जारी है. जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में 3500 कर्मचारी कार्यरत हैं. सभी को अलग-अलग कैटेगरी जिसमें 10 हजार 900, 12 हजार 500 और 13 हजार 800 सैलरी में रखा गया है. लेकिन कर्मचारियों की मांग है कि उनकी सैलरी 20 हजार रुपए की जाए.

फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि, जब तक हमारी सैलरी 20 हजार रुपए नहीं की जाती है, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा. कर्मचारियों के दो सदस्य के प्रतिनिधि फैक्ट्री संचालक से वार्ता कर रहे हैं. उधर, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.

बता दें कि सेलाकुई के फैक्ट्रियों में काम करने वाले हजारों की तादाद में कर्मचारी पिछले कई दिनों से वेतन बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. 16 मई शनिवार को उग्र प्रदर्शन होने पर पुलिस ने लाठी चार्ज भी किया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *