रुड़की: हरिद्वार जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर की रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लोडर टेंपो को रोकने का प्रयास किया. लेकिन टेंपो चला रहे बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर ही टेंपो चढ़ाने की कोशिश की. पुलिस भी बदमाश को पकड़ने के लिए पीछे दौड़ी तो बदमाश टेंपो को धर्मपुर मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया. इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश के पैर पर गोली मारी और उसे हिरासत में लिया. बदमाश का रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार जारी है.
जानकारी के मुताबिक, 3 अक्टूबर की रात चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता हुआ दिखाई दिया. पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने टेंपो रोकने के बजाय पुलिस टीम पर ही टेंपो चढ़ाने का प्रयास किया और मौका मिलते ही खानपुर की ओर भाग गया.
चौकी प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना खानपुर कोतवाली प्रभारी को दी. सूचना मिलते ही तत्काल प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ संदिग्ध टेंपो की तलाश में रवाना हुए. पुलिस टीम ने धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के नजदीक टेंपो को घेर लिया. वहीं, खुद को घिरता देख टेंपो चालक टेंपो सड़क पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए.
पुलिस के मुताबिक, खेत में छिपे संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया और उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रुड़की के सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की बताया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी क्षेत्र के मंदिर में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहा था. हालांकि इस संबंध में पुलिस की विस्तृत पूछताछ और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ और आरोपी के आपराधिक इतिहास समेत पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.