हरिद्वार में बेकाबू बस का कहर, अस्पताल के बाहर 5 वाहनों को मारी टक्कर, ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग – Doon Ujala

हरिद्वार में बेकाबू बस का कहर, अस्पताल के बाहर 5 वाहनों को मारी टक्कर, ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग

शहर के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में आज सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस ने जमकर कहर बरपाया. दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी. हादसे में एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हरिद्वार में सड़क हादसे से हड़कंप मच गया.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक का हाथ कटकर अलग हो गया. गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई. यह हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ, जहां बस ने अस्पताल के बाहर खड़ी कारों को टक्कर मारी. गनीमत रही कि उस समय अस्पताल के बाहर मरीजों और उनके तीमारदारों की भीड़ नहीं थी.

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी. बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए यह बस जा रही थी. इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी. इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क पर खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मारता चला गया. हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं.

वहीं ऑटो चला रहे त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर में उनका हाथ कटकर अलग हो गया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया. बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *