उत्तराखंड में फर्जी आईबी अधिकारी गिरफ्तार, फेक आईडी, दस्तावेजों से खुला मामला

पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूम रहे युवक का भंडाफोड़ हुआ है. हल्द्वानी तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी हुंडई कार को रोका तो चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताया. शक होने पर तलाशी ली गई, जिसमें फर्जी आईबी आईडी और दस्तावेजों के साथ पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी है. उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.

हल्द्वानी में सरकारी अधिकारी बनकर रौब झाड़ने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक न सिर्फ खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी का अधिकारी बताकर घूम रहा था, बल्कि अपनी कार पर भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगाकर सरकारी रसूख दिखा रहा था, लेकिन पुलिस की सघन चेकिंग ने उसके पूरे फर्जीवाड़े की पोल खोल दी.

12 सितंबर को हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 आती दिखाई दी. कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा था. पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की. चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान बताया. साथ ही उसने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड भी दिखाया. जब पुलिस ने उससे उसकी नियुक्ति और पद से जुड़े सवाल किए तो वह सकपका गया. जिसके बाद वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *