उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से बड़ी खबर सामने आई है. यहां नाबालिग दिव्यांग (मूक-बधिर) लड़की के गर्भवती होने की बात सामने आई है. दिव्यांग नाबालिग पीड़िता के साथ किसने गलत काम किया, इसकी अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है.
जानकारी के मुताबिक पीड़ित नाबालिग ठीक से बोल नहीं पाती है. साथ ही उसे मिर्गी के दौरे भी आते हैं. बीते गुरुवार यानी 24 सितंबर को अचानक से नाबालिग पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई, जिसे परिजन हॉस्पिटल लेकर गए. डॉक्टरों ने जब नाबालिग लड़की का चेकअप किया तो उसके गर्भवती होने की बात सामने आई है. डॉक्टरों ने जब ये बात लड़की के परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए.
डॉक्टरों ने पुलिस को दी मामले की जानकारी: नाबालिग लड़की के गर्भवती होने की पुष्टि होने के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन ने मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस की टीम हॉस्पिटल पहुंची और हॉस्पिटल के डॉक्टरों व परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली. इस मामले में पिथौरागढ़ कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि उपनिरीक्षक बबीता टम्टा को मामले की जांच सौंपी गई है. फिलहाल नाबालिग का जिला हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है.