मोहब्बेवाला में फिर हुआ सड़क हादसा, इस बार गर्ल्स हॉस्टल में घुसा ट्रक

थाना क्लेमेंटाउन क्षेत्र के मोहब्बेवाला में फिर सड़क हादसा देखने को मिला है. आज सुबह नेशनल हाईवे से आ रहा ईंटों का ट्रक अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल में घुस गया. घटना के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया.

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को बाहर निकाल कर उसका इलाज करवाया. हालांकि हादसे में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है. हादसे कारण गति कम करने के लिए बनाए गए रंबल स्ट्रिप बताए जा रहे हैं. ड्राइवर का कहना है कि रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और 200 मीटर अंदर आकर गर्ल्स हॉस्टल में घुस गया.

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईटों से भरा ट्रक लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था. नेशनल हाईवे के शहर में प्रवेश के दौरान ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक में काफी उछाल आने के बाद ट्रक के ब्रेक फेल हो गए. करीब 200 मीटर आगे आने के बाद ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुसा और पलट गया.

मोहब्बेवाला में कुछ दिन पहले दर्दनाक हादसा हुआ था. उसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. तीन लोग घायल हो गए थे. इसके बाद देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मोहब्बेवाला का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे के बाद ढलान पर वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए थे. प्रशासन द्वारा इस सड़क पर गति को कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप तो बनाए गए, वाहनों की गति भी कम हुई, लेकिन चालकों का कहना है कि गाड़ियों में काफी उछाल आ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *