देहरादून में इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी में मिले दो इंजीनियरों के शव

कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में एक कंपनी के जेनरेटर रूम में दो इंजीनियर अचेत अवस्था में मिले. बुधवार सुबह गार्ड ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अनुसार प्रथम दृष्टया जेनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है. साथ ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी मिल पाएगी.

जानकारी के अनुसार कोतवाली पटेल नगर पुलिस को बुधवार, 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के जेनरेटर रूम में दो लोग अचेत पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के अनुसार, दोनों लोग कंपनी में इंजीनियर थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम करते थे. 29 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे तकनीकी समस्या आने के बाद दोनों उसका निरीक्षण करने जेनरेटर रूम में गए थे. बताया गया कि बिजली नहीं होने के कारण दोनों ने जेनरेटर चलाया और उसी कमरे में सो गए.

पुलिस द्वारा दोनों शवों के पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भिजवाया दिया गया. इसके बाद दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद उनके परिजनों के सुपर्द कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया में दोनों इंजीनियरों की मौत जेनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने से मानी जा रही है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी मिल पाएगी. पुलिस द्बारा घटना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *