ऋषिकेश में पुलिस शिकायत प्राधिकरण सदस्य के घर में चोरी, 36 मिनट बेखौफ घूमा चोर

देहरादून जिले का महत्वपूर्ण शहर और संतनगरी के नाम से प्रसिद्ध ऋषिकेश चोरों के निशाने पर है. राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य दयाशंकर पांडे के घर में देर रात चोरी की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि चोर रात करीब 2:45 बजे घर के अंदर दाखिल हुआ और करीब 3:21 बजे बाहर निकला. यानी लगभग 36 मिनट तक चोर घर के अंदर बेखौफ होकर घूमता रहा और अलग-अलग कमरों को खंगालता रहा.

दयाशंकर पांडे के मुताबिक चोर ने बेहद इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली. घटना का सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि चोर उस कमरे में भी करीब 10 मिनट तक मौजूद रहा, जहां उनकी बुजुर्ग माता सो रही थीं. पांडे के अनुसार उनकी माता के गले में सोने की चेन और हाथ में कंगन थे. ऐसे में यदि चोर उनकी माता पर किसी धारदार हथियार से हमला कर देता, तो चोरी की यह घटना बड़ी वारदात में बदल सकती थी.

घटना के बाद दयाशंकर पांडे ने पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में पुलिस की नियमित और प्रभावी गश्त होती, तो संभव है कि चोर घर में दाखिल होने की हिम्मत नहीं करता. करीब 36 मिनट तक चोर का घर के भीतर रहना पुलिस की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.

फिलहाल घर से एक भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि घर के अन्य सामान की भी जांच की जा रही है, जिसके बाद चोरी हुए सामान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *